featuredकोरबाछत्तीसगढ़

31 साल पुराने थाना भवन की जगह अब आधुनिक सिटी कोतवाली तैयार

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आईजी राम गोपाल गर्ग ने वर्चुअल किया नवीन भवन का लोकार्पण, ई-मालखाना बनेगा पुलिसिंग में तकनीकी बदलाव की नई कड़ी

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी

कोरबा। थाना सिटी कोतवाली को अब आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप नया स्वरूप मिल गया है। कोतवाली परिसर में नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण एवं आधुनिक ई-मालखाना का उद्घाटन गरिमामय समारोह में किया गया।उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और नवीन थाना भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया।

1995 के भवन की जगह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया थाना

सिटी कोतवाली का पुराना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब 31 वर्षों तक पुलिसिंग का केंद्र रहे इस भवन की पुरानी संरचना और बदलती पुलिसिंग आवश्यकताओं को देखते हुए नए थाना भवन का निर्माण कराया गया है।

छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से तैयार नए भवन में आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है। इससे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं थाना पहुंचने वाले आम नागरिकों को भी अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ई-मालखाना: अब जप्त माल की डिजिटल होगी निगरानी

नवीन थाना भवन के साथ ई-मालखाना इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। सिटी कोतवाली के मालखाने में रखे प्रकरणों से संबंधित माल-मशरूका का कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटलीकरण किया गया है।

अब जप्त सामान का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक माल की आवश्यक मार्किंग एवं पहचान सुनिश्चित की गई है, जिससे पुराने प्रकरणों से संबंधित सामग्री को जरूरत पड़ने पर आसानी से खोजा जा सकेगा।

ई-मालखाना व्यवस्था से जप्त माल के सुरक्षित संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन, त्वरित खोज और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। विवेचना एवं न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यक माल-मशरूका उपलब्ध कराने में भी पुलिस को सुविधा होगी।

मंत्री देवांगन बोले : तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग होगी और सुविधाजनक

वर्चुअल लोकार्पण के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नवीन थाना भवन एवं ई-मालखाना पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। तकनीक आधारित व्यवस्था से पुलिसिंग में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ेगी।

वहीं आईजी बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने कहा कि आधुनिक पुलिस अधोसंरचना के साथ ई-मालखाना जैसी तकनीकी व्यवस्था पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं सिटी कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।

नवीन भवन और ई-मालखाना के साथ सिटी कोतवाली में पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक, बेहतर अधोसंरचना और व्यवस्थित रिकॉर्ड प्रबंधन से जोड़ने की दिशा में नई शुरुआत हुई है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button