हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी को भेजा गया जेल, मुख्य आरोपी फैज खान अब भी फरार; पुलिस की तलाश जारी
रायगढ़, 10 नवंबर 2026। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी फहीम अख्तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। बिलासपुर से नागपुर भागने के बाद वह रायगढ़ लौटा और खरसिया स्थित अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले का दूसरा आरोपी फैज खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे नया बस स्टैंड खरसिया के पास की है। यहां ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर अजय राजपूत (25 वर्ष) मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर फैज खान और फहीम अख्तर ने अजय के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहे अजय को फहीम ने पकड़ लिया, जबकि फैज खान ने धारदार चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अजय को उपचार के लिए पहले खरसिया शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।
मामले में ममता ठाकुर की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
नागपुर से लौटकर घर पहुंचने की थी कोशिश
लगातार पुलिस दबिश के चलते दोनों आरोपी अपना ठिकाना बदल रहे थे। इसी बीच पुलिस को फहीम अख्तर के खरसिया में देखे जाने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में फहीम ने फैज खान के साथ मिलकर अजय से मारपीट करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि घटना के बाद दोनों बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। वहां से रायगढ़ लौटने के बाद वह छिपते हुए अपने घर जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे रास्ते में ही पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी फहीम अख्तर पिता शकील अख्तर (23 वर्ष), निवासी हनुमान चौक खरसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, चाकू से हमला करने के आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश और दबिश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







