अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पीने के लिए पैसे नहीं थे तो मंदिर के कलश पर कर लिया हाथ साफ
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित ऐतिहासिक सतनाम मंदिर से प्राचीन गुंबज कलश चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए गांव के ही 28 वर्षीय आरोपी शुभम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया प्राचीन कलश कटनई प्रहरी जंगल से बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत का पांचवां सतनाम तीर्थ स्थल है और सतनाम समाज की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के गुंबज में स्थापित कलश वर्ष 1945 के आसपास लगाया गया था, जो समाज के लिए धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व रखता था। 17-18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर से इस प्राचीन कलश को चोरी कर लिया था। घटना के बाद सतनाम समाज में नाराजगी व्याप्त थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलेन्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में अकलतरा पुलिस ने जांच शुरू की।
गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस ने स्थानीय सूत्रों के माध्यम से आरोपी की पतासाजी की। संदेह के आधार पर ग्राम पचरी निवासी शुभम शर्मा (28 वर्ष), पिता हरिशंकर शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी है। घटना की रात उसके पास शराब पीने के लिए पैसे नहीं थे। पैसों की व्यवस्था करने के लिए उसने तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश चोरी करने की योजना बनाई। शिव मंदिर का कलश ऊंचाई पर होने के कारण उसने पास में स्थित गुरु घासीदास बाबा जी के मंदिर के गुंबज पर चढ़कर कलश निकाल लिया। रात अधिक होने के कारण वह उसे बेच नहीं पाया और न ही घर ले जा सका। इसके बाद उसने कलश को कटनई प्रहरी जंगल में छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चोरी गया प्राचीन कलश बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नितिन चंद्रवंशी, आरक्षक अंजनी कश्यप, आरक्षक बाल्मिकी राठौर एवं साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।







