जगदलपुर। खरीफ सीजन में किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला स्तरीय कृषि स्थायी समिति ने सख्त रुख अपनाया है। समिति के सभापति कामदेव बघेल की अध्यक्षता में 4 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में विभागवार योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान सभापति कामदेव बघेल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीफ सीजन में उर्वरक की कालाबाजारी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध हो सके।
पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान की मिलेगी जानकारी
बैठक में पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया कि विभाग के क्षेत्रीय मैदानी अमले के माध्यम से पंचायत स्तर पर पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान की जानकारी दी जाए, जिससे पशुपालक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
वहीं समिति के सदस्य जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता, क्रेडा को दिए।
बीज वितरण की होगी नियमित निगरानी
कृषि सभापति ने उद्यानिकी विभाग के माध्यम से किए जाने वाले बीज वितरण की नियमित निगरानी और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला समय-समय पर बीज वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करे, ताकि किसानों एवं हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके।
बैठक में जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति के सदस्य तथा संबंधित सभी शासकीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई।







