आईजी रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर आठ जिलों में चला विशेष अभियान, बिलासपुर- मुंगेली और जीपीएम-सारंगढ़ जिले का बेहतर प्रदर्शन, कोरबा और रायगढ़ रहे पीछे
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस रेंज में वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक चलाए गए इस एक महीने के अभियान में रेंज के आठ जिलों में कुल 1081 स्थायी वारंटों की तामीली की गई। इस कार्रवाई से वर्षों से लंबित पड़े कई मामलों के निराकरण का रास्ता भी खुला है।
दरअसल, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के आठों जिलों में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा के दौरान पाया था कि न्यायालयों से फरार वारंटियों के विरुद्ध जारी बड़ी संख्या में स्थायी वारंट थानों में लंबित हैं। इनकी तामीली के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए आईजी ने एक महीने का विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया और इसे ‘ऑपरेशन बाज’ नाम दिया।
अभियान के तहत सभी जिलों के लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा कर जिलेवार लक्ष्य निर्धारित किए गए। पुलिस अधीक्षकों को वारंटों की तामीली के लिए विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य और प्रदेश से बाहर रहने वाले वारंटियों जैसी विभिन्न श्रेणियों में बांटकर उनकी तलाश की गई। इसके लिए आधुनिक तकनीक और सूचना तंत्र का भी सहारा लिया गया।
सालों से फरार वारंटियों तक पहुंची पुलिस
अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में ऐसे वारंटियों को पकड़ा, जो वर्षों से फरार चल रहे थे और पुलिस रिकॉर्ड में उनकी तलाश जारी थी। वहीं, कुछ वारंटियों की मृत्यु हो जाने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे मामलों में संबंधित मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, ताकि लंबित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
इन जिलों का प्रदर्शन रहा बेहतर, कोरबा- रायगढ़ को मिली हिदायत
आईजी श्री गर्ग के अनुसार, अभियान में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप वारंटों की तामीली की। वहीं रायगढ़ और कोरबा जिले अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
अच्छा प्रदर्शन करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के निर्देश पुलिस अधीक्षकों को दिए गए हैं। वहीं कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को भविष्य में कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी गई है।
आगे भी जारी रहेगी वारंटियों की धरपकड़
आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के विशेष अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे, ताकि बिलासपुर रेंज में लंबित स्थायी वारंटों की संख्या न्यूनतम की जा सके। ‘ऑपरेशन बाज’ के परिणाम से उन न्यायालयीन मामलों के निराकरण की उम्मीद बढ़ी है, जो वर्षों से वारंट तामील नहीं होने के कारण लंबित थे।
इस अभियान ने साफ कर दिया है कि अब वर्षों से फरार वारंटियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई और तेज होगी।







