
नन्हीं मानविका को गोद में उठाया, चश्मा पहनाकर बढ़ाया हौसला


भैंसामुड़ा में 4 वर्षीय बच्ची से किया आत्मीय संवाद, “डॉक्टर बनना है” सुनकर मुस्कुराए मुख्यमंत्री
जशपुरनगर 3 मई 2026/ जिला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक बेहद भावुक और आत्मीय दृश्य ग्राम भैंसामुडा में देखने को मिला। जिसने उपस्थित लोगों का दिल छू लिया। उन्होंने 4 वर्षीय नन्हीं बच्ची मानविका चौहान से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल उसे स्नेह से गोद में उठाया, बल्कि उसे अपनेपन से चश्मा पहनाकर उसका हौसला भी बढ़ाया। मानविका अपनी माता दीपांजलि चौहान के साथ मुख्यमंत्री को देखने के लिए उत्साहित होकर पहुंची थी। जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर उस नन्हीं बच्ची पर पड़ी, वे उसके पास पहुंचे और प्यार से उसे गोद में उठा लिया। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए उससे बातचीत की, जिस पर बच्ची ने तुतलाते हुए कहा कि वह “डॉक्टर बनना चाहती है।” यह सुनकर मुख्यमंत्री भावुक हो उठे और उन्होंने उसे स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने उनके पास रखे चश्मे को निकालकर बड़े ही प्यार से मानविका को पहनाया और उसे पुचकारते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस आत्मीय क्षण ने वहां उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। मानविका की माता दीपांजलि चौहान ने बताया कि उनकी बेटी मुख्यमंत्री से मिलने के लिए बेहद उत्साहित थी और उन्हें देखकर बहुत खुश हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया। यह घटना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरल, संवेदनशील और जनसरोकार से जुड़े व्यक्तित्व को दर्शाती है। नन्हीं बच्ची के साथ बिताया गया यह पल न केवल मानवीय संवेदना का उदाहरण बना, बल्कि वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए एक यादगार क्षण बन गया।



