
कोरबा, 07 जून 2026। पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 16 टन लोहे का कबाड़ और 4 वाहनों को जब्त किया है। उरगा और कुसमुंडा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जब्त मशरूका और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 13.40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक और नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार कबाड़ चोरी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रही है।
उरगा पुलिस की बड़ी रेड
थाना उरगा पुलिस ने ग्राम कुरूडीह स्थित एक बंद परिसर में छापेमारी कर भारी मात्रा में कबाड़ बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक सहित करीब 14 टन लोहे का कबाड़ और मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री और वाहनों की अनुमानित कीमत 12.60 लाख रुपये है।
कुसमुंडा में लावारिस पिकअप से मिला कबाड़

वहीं थाना कुसमुंडा पुलिस को वैशालीनगर जरहाझेल मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-10-E-8576 की तलाशी ली, जिसमें लोहे की जाली, पाइप, रोलर और अन्य सामग्री सहित करीब 2 टन कबाड़ भरा हुआ मिला।
पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन और कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया।
13.40 लाख का मशरूका जब्त
दोनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में कुल 16 टन कबाड़ और 4 वाहन जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में कबाड़ संदिग्ध और लावारिस प्रकृति का पाया गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत समस्त मशरूका जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध कारोबारियों में हड़कंप
कोरबा पुलिस की लगातार कार्रवाई से कबाड़ चोरी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
![]() | ![]() | ![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |









































