बिना नंबर प्लेट के वाहन से कचरा परिवहन और कर्मचारियों की सुरक्षा में लापरवाही का मामला; तीन दिन में मांगा जवाब, कार्रवाई की चेतावनी

कोरबा। कचरे से भरे ट्रैक्टर पर स्वच्छता दीदियों को बैठाकर ले जाने और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से कचरे का परिवहन किए जाने के मामले में नगर पालिक निगम कोरबा ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया में मामला सामने आने के बाद निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (DSPM पूर्व), कोरबा के मुख्य अभियंता को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बुधवारी के पास सामने आया था मामला
ज्ञात हो की मंगलवार को बुधवारी के समीप कचरे से लदे ट्रैक्टर पर स्वच्छता दीदियों को बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया था। संबंधित वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। इस घटना ने सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा और कचरे के परिवहन में निर्धारित नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
विभिन्न मीडिया ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद नगर निगम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए DSPM प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
बिना नंबर प्लेट वाहन से कचरा परिवहन पर सवाल
नगर निगम के नोटिस के अनुसार, मीडिया में प्रकाशित खबरों से यह जानकारी सामने आई कि DSPM परिसर में सफाई कार्य के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल कर खुले में अपशिष्ट का परिवहन किया जा रहा था। साथ ही सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को कचरे से भरे वाहनों में असुरक्षित तरीके से बैठाकर ले जाने का मामला भी सामने आया।
निगम ने इसे कर्मचारियों की सुरक्षा और निर्धारित नियमों के अनुपालन की दृष्टि से गंभीर माना है। नोटिस में संबंधित नियमों एवं प्रावधानों का उल्लेख करते हुए प्रबंधन से अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
तीन दिन में जवाब देने का अल्टीमेटम
नगर निगम ने DSPM के मुख्य अभियंता को तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों, श्रम कानूनों तथा संबंधित दिशा-निर्देशों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह मामला केवल कचरा परिवहन की व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सफाई कार्य में जुटी महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान से भी जुड़ा है। कचरे के ऊपर बैठाकर कर्मचारियों को ले जाने तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहन के इस्तेमाल को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।
अब निगम के नोटिस के बाद DSPM प्रबंधन के जवाब और आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।





