कोरबा।”स्वच्छता ही सेवा पर्व” के अंतर्गत दिनांक 29.09.2025 को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा एवं एसईसीएल, कोरबा क्षेत्र द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के हानिकारक प्रभाव, चुनौतियाँ एवं उनके समाधान विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सीनियर रिक्रिएशन क्लब, एसईसीएल कोरबा क्षेत्र में क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा प्रेमेन्द्र शेखर पांडेय तथा क्षेत्रीय महाप्रबंधक, एसईसीएल कोरबा राजेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर प्रेमेन्द्र शेखर पांडेय द्वारा उपस्थित स्थानीय जनसमूह को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विकल्प, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ई-वेस्ट प्रबंधन तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने हेतु अन्य विषयों पर जागरूक किया गया एवं अधिक से अधिक जनभागीदारी की अपील की गई।
इसी क्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजेश कुमार गुप्ता द्वारा उपस्थित आमजनों को पर्यावरण संतुलन हेतु वैकल्पिक उपाय अपनाने के सुझाव दिए गए तथा प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।
कार्यशाला में प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम एवं उसके विकल्पों पर विस्तृत जानकारी क्षेत्रीय अधिकारी (पर्यावरण एवं वन), कोरबा क्षेत्र स्वप्निल सुमन द्वारा प्रस्तुतीकरण एवं वीडियो क्लिप के माध्यम से दी गई।
अंत में, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम हेतु जूट बैग का वितरण किया गया तथा दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन भुवनेश्वर कश्यप, एसईसीएल कोरबा क्षेत्र द्वारा किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्रसन्ना सोनकर, कार्यपालन अभियंता, एस.के. द्विवेदी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पादित करने में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक एवं पर्यावरण विभाग का विशेष योगदान रहा ।



