featuredकोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा : नगर निगम में अनोखा विरोध: सभापति जमीन पर बैठकर करने लगे काम, अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप

कोरबा। नगर पालिक निगम में सोमवार को विरोध का एक अनूठा स्वरूप देखने को मिला। निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपने कक्ष में कुर्सी छोड़ जमीन पर बैठकर काम करने लगे। उनके साथ कई पार्षद भी मौजूद रहे।

सभापति का आरोप है कि लंबे समय से निगम क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों, लोकार्पण, भूमिपूजन एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्षद जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं, लेकिन उन्हें योजनाओं और कार्यक्रमों से दूर रखा जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है।

नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि 6 जून को शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित लोकार्पण कार्यक्रमों की जानकारी न तो महापौर को दी गई और न ही संबंधित वार्डों के पार्षदों को। इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान बताते हुए उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

इसी मांग को लेकर सभापति ने पार्षदों के साथ विरोध स्वरूप जमीन पर बैठकर काम किया। उनका कहना है कि जब तक जनप्रतिनिधियों को सम्मान और अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक इस मुद्दे को उठाया जाता रहेगा।

वहीं पूरे मामले पर नगर निगम आयुक्त ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद निगम सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। अब सभी की नजर निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button