
उत्कृष्ट नेतृत्व और प्रभावशाली वक्तृत्व कला के लिए “इंडिविजुअल मेरिट अवॉर्ड” से सम्मानित

कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जमनीपाली की छात्रा संजना अग्रवाल ने 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025-26) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरबा और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में उन्हें उत्कृष्ट नेतृत्व और प्रभावशाली वक्तृत्व कला के लिए प्रतिष्ठित “इंडिविजुअल मेरिट अवॉर्ड” प्रदान किया गया।
देशभर के 200 से अधिक केंद्रीय विद्यालयों के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में संजना ने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जमनीपाली की टीम का लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के रूप में नेतृत्व किया। संसदीय प्रक्रियाओं की गहरी समझ, प्रभावशाली संचालन क्षमता और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति के बल पर उन्होंने विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
25 जून को आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। संजना अग्रवाल, पिता मुकेश अग्रवाल (फूड इंस्पेक्टर), को उनके उत्कृष्ट भाषण, अनुकरणीय नेतृत्व और संसदीय प्रतिभा के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
संजना की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। शिक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि कोरबा की प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं।




