पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की दबिश, नकदी सहित सट्टा-पट्टी लिखने की सामग्री जब्त
कोरबा, 26 नवंबर 2026। शहर में अवैध सट्टा-जुआ कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सट्टा-पट्टी लिखते हुए आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 1,350 रुपये नगद और सट्टा कारोबार में इस्तेमाल होने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन तथा अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में अवैध सट्टा-जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 25 नवंबर को पुलिस पेट्रोलिंग और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड सहित आसपास के इलाकों में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिलाने के आरोप में कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से सट्टा-पट्टी लिखी डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन और मोबाइल फोन में मौजूद सट्टा संबंधी स्क्रीनशॉट भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. चिंटू केवट, उम्र 21 वर्ष
2. सुजल चौहान, उम्र 20 वर्ष
3. मेवालाल चौहान, उम्र 38 वर्ष
4. भानु यादव, उम्र 21 वर्ष
5. घासीदास, उम्र 56 वर्ष
6. पप्पू सिंह, उम्र 55 वर्ष
7. भंवर सिंह केवट, उम्र 58 वर्ष
कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अवैध सट्टा कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा-जुआ और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







