रिहायशी इलाके में खाली मकान के भीतर चल रहा था अवैध भंडारण और बिक्री का काम, 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 13 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलौदा पुलिस ने ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से करीब 176 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये है, जब्त किए हैं। मामले में नैला निवासी 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया। मामले में आरोपी दीपक कुमार अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मचने की संभावना है। रिहायशी इलाकों में पटाखों का अवैध भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।





