featuredछत्तीसगढ़

एलसीआईटी कॉलेज में ‘वेनिस कार्निवल’ का भव्य आयोजन, आईजी गर्ग ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

बिलासपुर, 26 अगस्त 26। एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस के कला एवं मानविकी विभाग द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘वेनिस कार्निवल–द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन कॉलेज के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईजी रामगोपाल गर्ग रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ राष्ट्रगीत और राज्यगीत के गायन से हुआ। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि आईजी गर्ग का श्रीफल, पौधा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन  प्रमोद जैन, ट्रस्टी, उपकार, अभिनव, पटनायक, त्यागी, मनीष सिन्हा, एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

मानविकी विषयों की उपयोगिता पर आईजी गर्ग ने किया मार्गदर्शन

मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कला एवं मानविकी विषयों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिंदी-अंग्रेजी सहित भाषाओं और अर्थशास्त्र जैसे विषय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं के साथ-साथ UPSC, CGPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के व्यावहारिक सूत्र बताते हुए कहा कि दूसरों को पीछे करने के बजाय स्वयं को लगातार बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। ईर्ष्या से दूर रहकर आत्म-विकास की दिशा में आगे बढ़ना ही सफलता का सही मार्ग है।

आईजी गर्ग ने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है, इसलिए विद्यार्थियों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। उन्होंने अंकसूची तक ही अपनी पहचान सीमित नहीं रखने की सलाह देते हुए कहा कि व्यक्ति का चरित्र, अनुशासन और सही प्रश्न पूछने की क्षमता उसकी वास्तविक पहचान बनाती है। उन्होंने मेहनत के साथ स्मार्ट वर्क, एकाग्रता और सही रणनीति अपनाने पर भी जोर दिया।

हेलमेट को चालान से नहीं, जिंदगी की सुरक्षा से जोड़ें

आईजी गर्ग ने युवाओं को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का भी जिम्मेदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि रिसर्च केवल विज्ञान के क्षेत्र तक सीमित नहीं है। समाजशास्त्र के विद्यार्थी नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों पर शोध कर सरकार को बेहतर नीति निर्माण में सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरणादायक फिल्मों एवं सकारात्मक सामग्री से जुड़ने की सलाह भी दी।

एनसीसी कैडेट्स हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने एनसीसी के छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और रंग भर दिया। कार्यक्रम के समापन पर एलसीआईटी चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया तथा नवागत विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button