
रायगढ़, 14 मई 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना साइबर और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रामलीला मैदान स्थित जानकी होटल में दबिश देकर अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के काउंटर पर अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की टीम ने होटल में रेड कार्रवाई की। मौके पर होटल मैनेजर सुरेन्द्र पटेल काउंटर पर मौजूद मिला।
पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री करना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने काउंटर में रखे थैलों से विभिन्न ब्रांड की बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब में सीम्बा बीयर, ग्रांड फादर बीयर, हंटर बीयर, केन बीयर के साथ ब्लेंडर स्प्राइड, सिग्नेचर, मैजिक मोमेंट और ओल्ड हैबिट ब्रांड की शराब शामिल है। पुलिस ने कुल 13.100 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 6,350 रुपये बताई गई है, साथ ही बिक्री रकम 500 रुपये भी जब्त किए।
आरोपी सुरेन्द्र पटेल, निवासी कटनी मध्यप्रदेश एवं वर्तमान में जानकी होटल रायगढ़ के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल, थाना साइबर प्रभारी विजय चेलक सहित साइबर और कोतवाली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, नशे और गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



