
रायपुर,मेघा तिवारी। जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़ते हुए डॉ. केशव राव ने एक अनूठी पहल की। अपने जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने रक्तदान किया तथा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।


इस रक्तदान शिविर के माध्यम से एम्स हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती जरूरतमंद मरीजों, मैटरनिटी मदर्स एवं थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सुरक्षित भवा फाउंडेशन रायपुर एवं अपना ब्लड बैंक सेंटर, देवेंद्र नगर रायपुर का विशेष सहयोग रहा। शिविर में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया।
इस अवसर की एक खास बात यह भी रही कि डॉ. नीता शर्मा का भी जन्मदिन था। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर रक्तदान अभियान को समर्थन दिया और लोगों को समाजसेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।




