featuredछत्तीसगढ़

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, एक और सट्टा खाईवाल ने किया सरेंडर

रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन अंकुश” जारी

रायगढ़।जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहा सट्टा खाईवाल जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार मंगलवार को स्वयं एसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के समक्ष पेश होकर सट्टे के अवैध कारोबार से हमेशा के लिए तौबा करने और मुख्यधारा में लौटने की बात कही। एसएसपी ने आरोपी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस की नजर जिले में सक्रिय सभी सट्टा और साइबर अपराधियों पर है और कोई भी अपराधी ज्यादा दिनों तक पुलिस से बच नहीं सकता।

फरारी के दौरान तनाव में था आरोपी

आरोपी जसमीत बग्गा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि फरारी के दौरान वह लगातार डर और तनाव में जी रहा था। परिवार की चिंता और गिरफ्तारी के भय ने उसे मानसिक रूप से परेशान कर दिया था। उसने युवाओं से भी ऑनलाइन सट्टा और जुए से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि इस अवैध कारोबार का अंत केवल जेल, आर्थिक बर्बादी और सामाजिक अपमान है।

बड़े नेटवर्क से जुड़े मिले तार

जांच में सामने आया है कि जसमीत बग्गा, रायगढ़ के चर्चित सट्टा संचालक करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल के नेटवर्क का संचालन संभालता था और खुद भी बड़ा सट्टा खाईवाल बन चुका था। पुलिस को उसके तार घरघोड़ा में पकड़े गए गौतम भोजवानी सहित रायपुर के बड़े सट्टा कारोबारियों मोहित सोमानी और प्रकाश वाधवानी से जुड़े मिले हैं।

साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तारी, जब्ती और हवाला लेन-देन से जुड़े मामलों में पूछताछ की जा रही है।

ऑपरेशन अंकुश में अब तक करोड़ों की कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने 26 अप्रैल को साइबर सेल, कोतवाली थाना और घरघोड़ा थाना की संयुक्त टीम के साथ शहर और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नगदी जब्त की गई थी।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने करोड़ों रुपये के हवाला नेटवर्क का भी खुलासा किया। पुलिस ने करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई थी।

गोवा तक फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह सट्टा नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर, सक्ती से लेकर दिल्ली और गोवा तक फैला हुआ था। गोवा के कैंडोलिम बीच स्थित एक किराए के विला में पुलिस ने छापा मारकर कई बड़े सट्टा संचालकों को हिरासत में लिया था। आरोपियों द्वारा मौके पर मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश भी की गई थी।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने युवाओं से आसान कमाई के लालच में अपराध की दुनिया से दूर रहने की अपील की।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button