
कोरबा 28 अप्रैल 2026। जिले में कानून- व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 76 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन दबिश दी गई।
दो दिन में बड़ी सफलता
27 अप्रैल 2026: 7 स्थायी वारंटी और 19 गिरफ्तारी वारंटी तामील
28 अप्रैल 2026: 19 स्थायी वारंटी और 24 गिरफ्तारी वारंटी तामील
इस तरह कुल 26 स्थायी वारंटी और 50 गिरफ्तारी वारंटी तामील करते हुए 76 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
लंबे समय से फरार थे आरोपी
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पहले से जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार निगरानी रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब से जुड़ी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



