featuredछत्तीसगढ़

पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य अकलतरा से गिरफ्तार, ISI से संपर्क के मिले सबूत

जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026। पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान अकलतरा थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सत्यापन के दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं। मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के माध्यम से ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था। उस पर छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों की जानकारी तथा फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं साझा करने का आरोप है।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी को ड्रोन के जरिए हथियार उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही थी। हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि उसके विदेशी संपर्कों, नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गहन जांच जारी है।

पुलिस का मानना है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button