featuredकोरबाछत्तीसगढ़

अरहर की वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी पैदावार और मुनाफा, कृषि विभाग ने किसानों को बताए सफलता के मंत्र

उचित पौध दूरी, उन्नत बीज और अंतरवर्ती फसल अपनाने की सलाह; पाली क्षेत्र में किसानों को दिया तकनीकी प्रशिक्षण

कोरबा। जिले में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। अरहर की बढ़ती बाजार मांग और बेहतर मूल्य को देखते हुए विभाग किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए जागरूक कर रहा है।

इसी क्रम में विकासखंड पाली के मादन एवं आसपास के गांवों में कृषि विभाग की टीम ने खेतों का निरीक्षण कर किसानों से सीधे संवाद किया। इस दौरान फसल प्रबंधन, पौध संरक्षण और उत्पादन बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी सुझाव दिए गए।

उपसंचालक कृषि देवेंद्र पाल सिंह ने किसानों को बताया कि अरहर की खेती में पौधों के बीच उचित दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। पर्याप्त दूरी होने से पौधों को पर्याप्त धूप, हवा और पोषक तत्व मिलते हैं, जिससे उनका विकास बेहतर होता है। साथ ही रोग एवं कीटों का प्रकोप कम होने से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि होती है।

उन्होंने किसानों से प्रमाणित एवं उन्नत किस्म के बीजों का उपयोग करने, वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने तथा अंतरवर्ती फसल प्रणाली अपनाने की अपील की। उनके अनुसार इस पद्धति से भूमि का बेहतर उपयोग होता है, उत्पादन लागत कम आती है और किसानों को अतिरिक्त आय का अवसर मिलता है।

उपसंचालक ने कहा कि खरीफ एवं रबी फसलों के साथ अरहर जैसी नगदी फसलों का संतुलित उत्पादन किसानों की आमदनी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कृषि विभाग किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और आवश्यक सलाह उपलब्ध कराता रहेगा, ताकि वे आधुनिक खेती अपनाकर अधिक उत्पादन और बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकें।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button