
कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर सक्रिय रूप से कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना करतला पुलिस द्वारा ग्राम कुदमुरा में चलित थाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 70 ग्रामीण, जिनमें महिला-पुरुष, ग्राम रक्षा दल के सदस्य, कोटवार, समाज प्रमुख एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं, हालांकि किसी भी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही की जा सके। कोरबा पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा, जनजागरूकता एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।



