बांगो जल विद्युत संयंत्र में आपदा प्रबंधन एवं इमरजेंसी रिस्पांस का सफल अभ्यास


कोरबा,बांगो,8 अक्टूबर। हसदेव बांगो जल विद्युत संयंत्र माचाडोली में बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं इमरजेंसी रिस्पांस के तहत मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रांसफार्मर यार्ड में भीषण आग लगने की आपातकालीन स्थिति को प्रदर्शित करते हुए कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और अग्निशमन क्षमता का परीक्षण किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान जैसे ही इमरजेंसी सायरन बजा, फायर एवं इमरजेंसी रिस्पांस टीम तत्काल सक्रिय हुई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन दल ने आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई शुरू की और लगभग 7 मिनट में आग पर प्रभावी रूप से काबू पाने का प्रदर्शन किया। इस दौरान आग को ट्रांसफार्मर यार्ड के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोकने के लिए तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।
आपदा में हर सेकंड महत्वपूर्ण—राकेश चंद्र गुप्ता
मॉकड्रिल का आयोजन अधीक्षण अभियंता (संचालन एवं संधारण) राकेश चंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय का प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है। नियमित अभ्यास के बिना किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करना मुश्किल हो सकता है। मॉकड्रिल से कर्मचारियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की क्षमता विकसित होती है।
इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, फायर फाइटिंग तकनीक और टीमवर्क का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का दिया प्रशिक्षण
अग्निशमन अधिकारी जी.पी. पनरिया एवं उनकी टीम ने संयंत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग तथा आग बुझाने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। मॉकड्रिल के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया गया कि आपात स्थिति में सभी संबंधित टीमें निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप तेजी से कार्रवाई कर सकें।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता (संरक्षा) राजेश बंजारा, संरक्षा अधिकारी पीयूष सोमानी सहित संयंत्र के अधिकारी-कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मचारी उपस्थित रहे।





