featuredछत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में पुलिस की नई पहल: 55 महिलाओं की महिला कमांडो टीम, 12 युवाओं का ‘पहाड़ मित्र’ दल गठित

जांजगीर-चांपा,12 अगस्त 26।सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और नशामुक्ति अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने की दिशा में अनूठी पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय  के नेतृत्व में अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पडरिया में 55 सक्रिय महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ और दल्हा पहाड़ की सुरक्षा के लिए 12 नवयुवकों के ‘पहाड़ मित्र’ दल का गठन किया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह ग्राम पडरिया पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने का संदेश देते हुए गांव को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।

महिलाओं ने संभाली नशामुक्ति और सुरक्षा की कमान

कार्यक्रम में 55 जागरूक एवं सक्रिय महिलाओं का चयन कर ‘महिला कमांडो टीम’ गठित की गई। यह टीम गांव में नशामुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की सहयोगी के रूप में काम करेगी। महिलाओं ने युवाओं को नशे से दूर रखने और गांव में सकारात्मक वातावरण बनाने का संकल्प लिया।

दल्हा पहाड़ की सुरक्षा के लिए ‘पहाड़ मित्र’

दल्हा पहाड़ में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से 12 नवयुवकों का ‘पहाड़ मित्र’ दल बनाया गया। सदस्यों ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने और संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की शपथ ली।

‘पहाड़ मित्र’ की अलग पहचान के लिए उन्हें विशेष टी-शर्ट, टोपी और सीटी प्रदान की गई। वहीं महिला कमांडो टीम को भी टोपी एवं सीटी देकर उत्साहित किया गया।

‘नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार को प्रभावित करता है’

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को मजबूत करना भी है। ग्राम पडरिया की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर सहित पुलिस स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button