featuredछत्तीसगढ़

एनसीसी में निहारिका यादव का शानदार प्रदर्शन, बनीं यूनिट की बेस्ट कैडेट

जगदलपुर। सेजस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जगदलपुर की जूनियर विंग की छात्रा कुमारी निहारिका यादव को एनसीसी यूनिट 10 छत्तीसगढ़ (स्वतंत्र) कंपनी एनसीसी, जगदलपुर द्वारा “बेस्ट कैडेट ऑफ यूनिट” के सम्मान से नवाजा गया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें ₹6,000 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।

यह सम्मान उस एनसीसी कैडेट को दिया जाता है जो अपनी यूनिट की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, ड्रिल, फायरिंग, लिखित परीक्षा एवं व्यक्तित्व विकास के सभी मानकों पर सर्वश्रेष्ठ साबित होता है। निहारिका ने इन सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर यह गौरव हासिल किया है।

निहारिका ने इस सत्र में तीन महत्वपूर्ण एनसीसी शिविरों में भाग लिया। उन्होंने राजनांदगांव में आयोजित फायरिंग कैंप में हिस्सा लेकर रायफल संचालन और फायरिंग तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके अलावा रायगढ़ में आयोजित आरडीसी कैंप में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट फायरिंग प्रदर्शन के लिए उन्हें ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर डी. के. पात्रा द्वारा “बेस्ट फायर” का मेडल प्रदान किया गया।

निहारिका यादव पढ़ाई के साथ-साथ नृत्य, संगीत, भाषण, स्वरचित कविता और खेलकूद जैसी विभिन्न गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। वह हर वर्ष अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करती रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 88 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

निम्न आय वर्गीय परिवार से आने वाली निहारिका ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय की प्राचार्य सुधा परमार, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

निहारिका ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुधा परमार, कमांडिंग ऑफिसर बॉबी जोसेफ तथा एनसीसी अधिकारी जैमवती ठाकुर के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button