featuredछत्तीसगढ़

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर

राजस्व प्रकरण, पर्यटन स्थलों में सुरक्षा, वज्रपात से बचाव, एचपीवी टीकाकरण और ‘माई भारत’ अभियान की हुई समीक्षा

जशपुरनगर 07 जुलाई 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं समय-सीमा अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए बनेगी कार्ययोजना

बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने राजस्व विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि आम नागरिकों की अधिकतर समस्याएं राजस्व मामलों से जुड़ी होती हैं। उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और जनजागरूकता के निर्देश

बारिश के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं जलप्रपात क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को फिसलन भरी चट्टानों एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग करने तथा पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

वज्रपात से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलेगा

जशपुर वनांचल क्षेत्र होने के कारण वर्षा ऋतु में वज्रपात की घटनाओं की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों, अस्पतालों, आश्रम-छात्रावासों एवं अन्य शासकीय भवनों में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वज्रपात से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।

एचपीवी टीकाकरण अभियान में लाई जाए और तेजी

बैठक में कलेक्टर ने किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनजागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व से अवगत कराने तथा कन्या छात्रावासों एवं विद्यालयों में विशेष अभियान संचालित कर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।

‘माई भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का हो पंजीयन

बैठक में ‘मेरा युवा भारत (माई भारत)’ अभियान के अंतर्गत जिला सलाहकार समिति की बैठक भी आयोजित की गई। कलेक्टर ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक विशेष पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का माई भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्कूलों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने तथा युवा सहभागिता वाले सभी कार्यक्रमों में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button