रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा में सुविधा बहाल, 443 फीडरों का रिमोट संचालन हो सकेगा; एमडी भीम सिंह कंवर ने परीक्षण कर किया सत्यापन


रायपुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा के स्काडा/डीएमएस सेंटर की रिमोट ऑपरेशन सुविधा को अपग्रेड कर बहाल कर दिया गया है। अब बिजली लाइन या फीडर में फॉल्ट आने पर पूरे इलाके की बिजली बंद करने के बजाय केवल प्रभावित हिस्से को रिमोट माध्यम से अलग किया जा सकेगा। इससे फॉल्ट सुधारने के दौरान अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जारी रखने में मदद मिलेगी।
एमडी ने स्वयं किया रिमोट ऑपरेशन का परीक्षण
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने रायपुर स्थित स्काडा/डीएमएस सेंटर पहुंचकर रिमोट ऑपरेशन सुविधा का परीक्षण किया। इस दौरान 33/11 केवी दलदलसिवनी सबस्टेशन के 11 केवी दयानगर फीडर तथा 33/11 केवी खमतराई सबस्टेशन के 11 केवी गणेश मंदिर और शिव मंदिर फीडरों को रिमोट माध्यम से बंद और चालू कर जांचा गया। परीक्षण सफल रहने के बाद उन्होंने रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा के स्काडा नियंत्रण केंद्रों से आवश्यकतानुसार रिमोट ऑपरेशन करने के निर्देश दिए।
फॉल्ट सुधारने में मिलेगी सहूलियत
अब स्काडा सेंटर में बैठे-बैठे बिजलीकर्मी फॉल्ट से प्रभावित क्षेत्र की पहचान कर संबंधित फीडर या हिस्से को रिमोट माध्यम से बंद कर सकेंगे। इससे पहले फॉल्ट का स्थान पता लगाने के लिए बिजलीकर्मियों को मौके पर जाकर लाइन की पेट्रोलिंग करनी पड़ती थी। नई व्यवस्था से प्रभावित हिस्से को अलग कर मरम्मत कार्य करना आसान होगा और अन्य फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बनाए रखने में सहूलियत मिलेगी।
443 फीडरों का हो सकेगा रिमोट संचालन
केंद्र प्रवर्तित आरएपीडीआरपी (RAPDRP) योजना के तहत रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा में स्काडा/डीएमएस सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों से संबंधित शहरों के 33/11 केवी सबस्टेशनों और 11 केवी फीडरों का नियंत्रण किया जाता है। इस प्रणाली के माध्यम से रायपुर के 283 और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के 160 फीडरों सहित कुल 443 फीडरों का रिमोट ऑपरेशन किया जा सकेगा।
साइबर सुरक्षा उन्नयन के बाद बहाल हुई सुविधा
साइबर सुरक्षा संबंधी कारणों से 20 मार्च 2024 को रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा की स्काडा/डीएमएस प्रणाली में रिमोट ऑपरेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर के मार्गदर्शन में नियंत्रण केंद्रों के हार्डवेयर, फायरवॉल और एंटीवायरस का उन्नयन किया गया। इसके साथ ही बाह्य ऑडिट एजेंसी से साइबर सुरक्षा ऑडिट कराया गया। ऑडिट में सामने आए अति महत्वपूर्ण बिंदुओं के अनुपालन के बाद प्रणाली को रिमोट ऑपरेशन के लिए सक्षम बनाया गया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (ईआईटीसी) ए.एम. परियल, मुख्य अभियंता (रायपुर शहर क्षेत्र) संजीव सिंह, महाप्रबंधक (वित्त) नवीन कुमार ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता शारदा रानी, जी.के. गंगवानी, कार्यपालन अभियंता प्रशांत कुमार, खिलेंद्र तुमरेकी,शिव कुमार गुप्ता, मुकेश शुक्ला, सहायक अभियंता आनंद कुमार वर्मा, कमलेश कुमार ठाकुर सहित अन्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।





