featuredछत्तीसगढ़

जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य सफलता पूर्वक संपन्न

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नागरिकों का किया आभार

 जांजगीर-चांपा 02 जून 2026। जनगणना 2027 हमारे देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जो केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि भविष्य के भारत और हमारे राज्य व जिले के विकास की ठोस नींव तैयार करने का कार्य करेगा।
भारत की जनगणना 2027 का कार्य राज्य में दो चरणों में संपादित किया जा रहा है। प्रथम चरण (फेस-1) यथा मकानसूचीकरण एवं मकानों के गणना का फील्ड कार्य 01 मई 2026 से प्रारम्भ होकर 30 मई 2026 को सफलतापूर्वक संपादित हो गया है। द्वितीय चरण, जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा। प्रथम चरण मकानसूचीकरण का कार्य, द्वितीय चरण जनसंख्या गणना कार्य के लिए एक फ्रेम प्रदान करती है, जिससे कि द्वितीय चरण, जनसंख्या गणना कार्य के दौरान कोई भी मकान एवं उसमें रहने वाले परिवार गणना से न छूटे।
प्रथम चरण मकानसूचीकरण कार्य के दौरान जिले के सभी ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों के द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं उसमें निवासरत परिवारों से भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 प्रश्न जो कि मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं तथा परिसंपत्तियों से संबंधित थी, की जानकारी मोबाइल एप्प के माध्यम से संकलित की गई। अब यह जानकारी भारत सरकार के सर्वर में सुरक्षित रख ली गई है। प्रथम चरण मकानसूचीकरण कार्य जिला के समस्त तहसीलों, ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में कुशलता एवं शांतिपूर्वक संपादित किया गया। इस दौरान जिला के समस्त क्षेत्रों को पूर्ण रूप से कवर किया गया एवं कोई भी क्षेत्र गणना कार्य से नहीं छूटा है। प्रगणकों के द्वारा घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने के दौरान जिले के निवासियों का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ है।

जिले के आम नागरिकों के द्वारा जनगणना से संबंधित जो भी व्यक्तिगत जानकारी दी गई है, वह जनगणना अधिनियम 1948, तथा जनगणना नियमावली 1990, के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। संकलित किए गए इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए ही किया जाएगा एवं भारत सरकार के द्वारा सम्पूर्ण जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात यथोचित समय पर इन आंकड़ों को जारी किया जाएगा।

जांजगीर चाम्पा जिले में जनगणना 2027 प्रथम चरण का कार्य 12 नगरीय निकाय एवं 09 तहसीलों के अंतर्गत 429 ग्रामों में संपादित किया गया है। इस कार्य को संपादित करने के लिए जिला में 09 ग्रामीण चार्ज एवं 12 नगरीय चार्ज बनाए गए थे। इन चाजों के अंतर्गत 1717 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक बनाए गए थे। जिला में इस कार्य हेतु 2079 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिसमें 01 प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी, 01 जिला जनगणना अधिकारी, 01 अति. जिला जनगणना अधिकारी, 21 चार्ज अधिकारी, 21 अति. चार्ज अधिकारी, 01 मास्टर ट्रेनर्स, 41 फील्ड ट्रेनर्स, 1697 प्रगणक एवं 295 पर्यवक्षक शामिल थे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी जन्मेजय महोबे ने जिले में प्रथम चरण का कार्य कुशलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिला के समस्त नागरिकों को इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपने अभूतपूर्व सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है एवं आशा व्यक्त की है, कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का कार्य जो कि फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा, तत्समय भी ऐसा ही सहयोग प्राप्त होगा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button