दो मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़, लूटपाट के मामले में नाबालिग बालक निरुद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास, नाबालिग से छेड़छाड़ और चाकू की नोक पर लूटपाट के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार अथवा निरुद्ध किया है। पुलिस ने सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई।
हत्या के प्रयास के मामले में फरार नाबालिग निरुद्ध
पुलिस के अनुसार, 4 मार्च 2026 को मोतीसागर निवासी प्रवीण बरठ पर कुछ आरोपियों ने एक राय होकर चाकू और ऑपरेशन ब्लेड से हमला किया था। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में पूर्व में आरोपी नानू यादव, चिंटू उर्फ सुनील और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं, फरार नाबालिग बालक को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पकड़कर निरुद्ध किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार
दूसरे मामले में इमलीडुग्गू निवासी महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 796/2026 के तहत बीएनएस की धारा 74, 296, 351(3), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी देव कुमार कुर्रे (28 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गू, को 14 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
चाकू दिखाकर मोबाइल और 20 हजार रुपये की लूट
तीसरे मामले में प्रार्थी तेजकुमार नागवंशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड जाने के दौरान चाकू दिखाकर उसका मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये लूट लिए गए। मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 842/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग बालक को निरुद्ध किया। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार और लूट की रकम जब्त की गई। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





