featuredछत्तीसगढ़

पोड़ी दल्हा पहाड़ मेले में पुलिस की सख्ती, 5500 स्टील के कड़े उतरवाए

करीब एक लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जांजगीर-चांपा पुलिस मुस्तैद, 150 पाव शराब जब्त; ड्रोन-CCTV से संदिग्धों पर निगरानी

जांजगीर-चांपा। नाग पंचमी के अवसर पर थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदलहा पहाड़ में आयोजित ऐतिहासिक मेले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस की मुस्तैदी के चलते मेले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

हमले में इस्तेमाल हो सकने वाले 5500 स्टील के कड़े उतरवाए

मेले में अपराध की संभावनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। ASP डॉ. युलैण्डन यार्क, ASP यातायात उदयन बेहार तथा SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध युवकों की जांच की।

इस दौरान करीब 5500 भारी स्टील के कड़े युवकों के हाथों से उतरवाकर पुलिस ने जमा कराए। पुलिस के अनुसार कुछ कड़े इतने भारी और मजबूत थे कि उनका इस्तेमाल मारपीट अथवा हमले में किया जा सकता था। वहीं कुछ युवकों के पास हाथ में पहनने वाले पंचनुमा स्टील के हथियार भी मिले, जिन्हें तत्काल उतरवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

बैग और झोलों में छिपाकर लाई जा रही 150 पाव शराब जब्त

भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा पाकिट, बैग और झोलों में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस का उद्देश्य शराब के सेवन से होने वाली संभावित अप्रिय घटनाओं पर रोक लगाना रहा।

ड्रोन और CCTV से संदिग्धों पर नजर

मेले में पुलिस ने लगातार पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरों और क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी। पुलिस टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर बनाए रखी।

साइबर जागरूकता बना आकर्षण

मेले में साइबर जागृति अभियान के तहत श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। दल्हा पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड/जोन बनाए गए।

श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश भी प्रसारित किया।

महिला कमांडो और वालेंटियर्स ने संभाला मोर्चा

मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में महिला कमांडो टीम ग्राम पड़रिया, पहाड़ मित्र, वालेंटियर्स, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा, आश्रम परिवार समिति एवं वन प्रबंध समिति का भी सराहनीय सहयोग रहा।

यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद

बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की गई। पुलिस की यातायात व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सुचारू रही तथा वाहनों को सुरक्षित रखने के इंतजाम किए गए।

जांजगीर-चांपा पुलिस की सक्रियता और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के चलते करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाला पोड़ीदलहा पहाड़ मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button