
कोरबा,28 अप्रैल 2026। जिले में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाना/साइबर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिलेभर में थाना और चौकी स्तर पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में साइबर पुलिस थाना द्वारा मोबाइल ऑपरेटरों और बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर संदिग्ध लेन-देन और ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर फ्रॉड के मामलों में जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई जाती है, उतनी ही जल्दी ठगी गई राशि को होल्ड या वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है। देरी होने पर रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर हो जाती है, जिससे उसे वापस पाना मुश्किल हो जाता है।
आम नागरिकों को सतर्क करते हुए पुलिस ने कहा है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और अपना OTP, बैंक डिटेल या UPI PIN किसी के साथ साझा न करें।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए कंट्रोल रूम कोरबा के नंबर 9479193399 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
कोरबा पुलिस ने आश्वस्त किया है कि साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में सुरक्षित और सतर्क वातावरण बनाए रखा जा सके।



