featuredछत्तीसगढ़

सहकार से समृद्धि” केवल नारा नहीं, सरकार की कार्यसंस्कृति का आधार : केदार कश्यप

सहकारिता सप्ताह-2026: 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन

जगदलपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक देशभर में “सहकारिता सप्ताह-2026” मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को जगदलपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि “सहकार से समृद्धि” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कार्यसंस्कृति का आधार है। सरकार का उद्देश्य सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी सहकारी राज्यों में शामिल करना है।

उन्होंने बताया कि सहकारिता सप्ताह को जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेश की 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) सहित दुग्ध, मत्स्य, बुनकर और अन्य सहकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण, माइक्रो एटीएम सुविधा, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठी तथा एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

रायपुर में होगा राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर

मंत्री ने बताया कि 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। आयोजन में पैक्स, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज और बुनकर समितियों के अलावा नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको और कृभको जैसी राष्ट्रीय संस्थाएं भी भाग लेंगी।

सफलता की कहानियों और नवाचारों का होगा प्रदर्शन

केदार कश्यप ने कहा कि सहकार मेले में केवल योजनाओं और आंकड़ों का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि सहकारिता से लाभान्वित किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों की सफलता की कहानियों, मूल्य संवर्धन, डिजिटल सेवाओं, आधुनिक तकनीक और नवाचारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

9 पैक्स में गोदाम निर्माण का होगा भूमिपूजन

सहकारिता सप्ताह के समापन अवसर पर 6 जुलाई को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 9 पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भंडारण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर विभागीय समीक्षा बैठकें और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागीय अधिकारियों एवं पैक्स समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने सभी सहकारी संस्थाओं से कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जगदलपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक रंजीत पाण्डेय सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button