मोबाइल बंद कर फरार हुआ कलेक्शन एजेंट हैदराबाद की कपड़े की दुकान में कर रहा था काम, कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर दबोचा
रायगढ़। फाइनेंस कंपनी की 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तें और ऋण बंद कराने के नाम पर लाखों रुपये लेने के बाद कंपनी में जमा नहीं करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ₹7,58,937 के कथित गबन के मामले में फरार आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। पुलिस उसे रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
40 महिला हितग्राहियों से ली रकम, कंपनी में नहीं की जमा
पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्रम सिंह सिदार (20 वर्ष), निवासी अमेराडीह, जिला सक्ती, भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड की रायगढ़ शाखा में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के बीच उसने 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तों और बकाया ऋण को एकमुश्त चुकाकर खाता बंद कराने के नाम पर कुल ₹7,58,937 प्राप्त किए, लेकिन यह राशि कंपनी में जमा नहीं की।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिला हितग्राहियों ने रकम जमा नहीं होने को लेकर शाखा में लिखित शिकायतें कीं। कंपनी के तत्कालीन रिकॉर्ड और शिकायतों के आधार पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
मोबाइल बंद कर हुआ फरार, हैदराबाद में बदल रहा था ठिकाना
भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड के शाखा प्रबंधक वासुदास मानिकपुरी ने 31 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, आरोपी से संपर्क करने पर उसने कुछ दिनों में रकम कंपनी में जमा करने की बात कही थी। इसके बाद उसने मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
दस्तावेजों की जांच में सामने आई ₹7.58 लाख की बकाया राशि
विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और महिला हितग्राहियों के बयान दर्ज किए। साथ ही 31 ग्राहकों के खातों से संबंधित लेजर और पासबुक की सत्यापित छायाप्रतियां जब्त की गईं। पुलिस के मुताबिक, इन दस्तावेजों में कुल ₹7,58,937 की राशि लंबित दर्शाई गई है।
आरोपी के गृह निवास पर पतासाजी के दौरान उसके फरार होने की जानकारी मिली। बाद में उसके हैदराबाद में होने का सुराग मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एएसआई विलफ्रेड मसीह और प्रधान आरक्षक प्रकाश तिवारी की टीम रवाना की गई।
बंजारा हिल्स की कपड़े की दुकान में मिला आरोपी
पुलिस टीम ने हैदराबाद के बंजारा हिल्स क्षेत्र में तलाश करते हुए आरोपी को एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करते हुए पकड़ लिया। उसे हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से गबन की गई रकम खर्च कर देना बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फरार आरोपियों पर शिकंजा कस रही रायगढ़ पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब 40 महिला हितग्राहियों की लोन किस्तों से जुड़ी ₹7.58 लाख की कथित गबन राशि का मामला सामने आया है।





