
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझाया सनसनीखेज चौहरा हत्याकांड




जांजगीर-चांपा, 14 मई 2026। जिले के थाना शिवरीनारायण अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र राहौद क्षेत्र के ग्राम भवतरा में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस एवं साइबर टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सोनसाय कश्यप पूर्व में वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। करीब दो वर्ष पूर्व जेल से रिहा होने के बाद से उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ जमीन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। मृतक की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



