
रायगढ़, 12 मई 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,400 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध जुआ नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 मई को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस और साइबर थाना की टीम ने संयुक्त दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ग्राम गेरवानी निवासी 43 वर्षीय श्याम कुमार अग्रवाल और रायगढ़ के कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय सुरेश अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में दोनों आरोपियों ने मोबाइल फोन और डिजिटल भुगतान माध्यमों से क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के पास से तीन मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नकद तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के पास से एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल तक नकद और डिजिटल माध्यम से पहुंचाई जाती थी। पुलिस दबिश की भनक लगते ही रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया।
थाना पूंजीपथरा में दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, नंद कुमार सारथी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप या अन्य माध्यमों से अवैध सट्टा संचालित करने वालों और उनसे जुड़े सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



