featuredछत्तीसगढ़

रेलवे तांबा तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 19 जून 2026 रायगढ़ पुलिस ने घरघोड़ा क्षेत्र में रेलवे ओएचई एवं तांबा तार चोरी तथा उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे संपत्ति चोरी के तीन और उठाईगिरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 178 मीटर रेलवे तांबा तार और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने फरवरी से जून 2026 के बीच रेलवे लाइन और साइडिंग से तांबा तार चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया। इसके अलावा अप्रैल माह में एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की से 40 हजार रुपये की उठाईगिरी भी की थी। चारों मामलों में कुल करीब 2.06 लाख रुपये की चोरी हुई थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ढोरम बायपास में घेराबंदी कर मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया 178 मीटर रेलवे तांबा तार बरामद किया गया। साथ ही उठाईगिरी की घटना से संबंधित 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच देते थे तथा प्राप्त रकम को आपस में बांटकर खर्च कर देते थे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रेलवे संपत्ति की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। ऐसे अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

गिरफ्तार आरोपी

  • मनोज धनवार (28 वर्ष), निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा
  • शशिभूषण दास बैरागी (28 वर्ष), निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा
  • अजय धनवार (19 वर्ष), निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा
  • लखन राठिया (20 वर्ष), निवासी रेंगालबहरी, थाना घरघोड़ा

सराहनीय भूमिका

मामले के सफल खुलासे में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक तथा आरक्षक हरिश पटेल और उद्योराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने टीम के कार्य की सराहना की है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button