22 वर्षों से रक्तदान के जरिए कर रहे मानव सेवा, समाज सुधार और अंगदान जागरूकता अभियान में भी निभा रहे अहम भूमिका


कोरबा। “जन सेवा ही मानव सेवा है” के संकल्प के साथ समाजसेवा में जुटे कोरबा के समाजसेवी राजेंद्र साहू ने नवरात्रि पर्व के अवसर पर 59वीं बार रक्तदान किया। जरूरतमंदों, गरीबों और असहाय लोगों की मदद के लिए लंबे समय से सक्रिय राजेंद्र साहू रक्तदान के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, अंगदान जागरूकता, शिक्षा और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी योगदान दे रहे हैं।
राजेंद्र साहू के सामाजिक कार्यों, जागरूकता अभियानों और लंबे समय से रक्तदान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए उन्हें विभिन्न स्तरों पर सम्मानित किया जा चुका है। अखिल भारतीय साहू वैश्य महासभा, दिल्ली द्वारा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ‘समाज रत्न सम्मान’ प्रदान किया गया। यह सम्मान समाज में मृत्युभोज, बाल विवाह, दहेज प्रथा और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के प्रयासों तथा नेत्रदान, किडनीदान, हृदयदान और देहदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उनके योगदान को देखते हुए दिया गया।
प्रकाशित लेखों के लिए मिला निराला स्मृति सम्मान
राजेंद्र साहू सामाजिक विषयों पर लेखन के माध्यम से भी जनजागरण का प्रयास करते रहे हैं। उनके प्रकाशित लेखों में ‘साहसी बनो, संघर्ष करो, मिलेगी जीत’, ‘युवा तुम डटे रहो’, ‘युवा चेतना एवं जागृति’, ‘दहेज प्रथा अभिशाप’, ‘जनप्रतिनिधि के चुनाव में राष्ट्रहित आवश्यक’, ‘वैवाहिक जागरूकता’ और ‘रक्तदान महादान’ जैसे विषय शामिल हैं। इन जनकल्याणकारी लेखों के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ‘निराला स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
1990 से रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद का संकल्प
राजेंद्र साहू वर्ष 1990 से लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं। उनके अनुसार, गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से वे अब तक 59 बार रक्तदान कर चुके हैं। विभिन्न ब्लड बैंकों और अस्पतालों में भी उन्होंने रक्तदान किया है। इनमें बिलासा, संवेदना, बालाजी ब्लड बैंक, बालको, एसईसीएल, एनटीपीसी, सीएसईबी, 100 बिस्तर अस्पताल, चांपा शासकीय अस्पताल, बिलासपुर शासकीय चिकित्सालय सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
उनके इस योगदान के लिए उन्हें जिला स्तर पर ‘रक्तवीर सम्मान’ प्रदान किया गया। नवरात्रि के अवसर पर 59वीं बार रक्तदान कर उन्होंने लोगों को जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया।
28 अनाथ बच्चों को दिलाया माता-पिता का सहारा
राजेंद्र साहू ने समाजसेवा के साथ कानूनी सहायता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। कोरबा स्थित मातृछाया सेवा संस्थान में रह रहे 28 अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के दत्तक ग्रहण प्रकरणों में उन्होंने निःशुल्क पैरवी कर उन्हें माता-पिता का सहारा दिलाने में मदद की। इसके अलावा वे हिंदू रक्षा मंच, लियो क्लब, जेसिस क्लब, एल्युमिनियम सिटी जूनियर चेंबर, जागृति क्लब, सार्थक क्लब और उपभोक्ता उत्थान संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।
राजेंद्र साहू ने प्राइवेट इन्वेस्टिगेशन, एक्सपोर्ट मैनेजमेंट और पत्रकारिता से संबंधित शिक्षा भी प्राप्त की है। वे सामाजिक समस्याओं पर लेखन और जनजागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।
रक्तदान कार्यक्रम में सामाजिक पदाधिकारी रहे उपस्थित
नवरात्रि पर्व पर आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में नगर साहू संघ कोरबा के संरक्षक डी.एन. साहू, अध्यक्ष बालाराम साहू, पूर्व पार्षद एवं तहसील अध्यक्ष पालूराम साहू, रितेश साहू, एल्डरमैन नगर निगम, एसईसीएल अध्यक्ष चितरंजन साहू, मुन्ना साहू, गोविंदा राव सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रितेश साहू ने भी 10वीं बार रक्तदान किया।
रक्तदान के इस प्रयास के माध्यम से उपस्थित लोगों ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता, सामाजिक सहभागिता और मानव सेवा के महत्व को रेखांकित किया। राजेंद्र साहू की पहल लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होने और समाजहित में अपना योगदान देने की प्रेरणा देती है।





