
नाली में डाला अपशिष्ट, 5000 रुपये लगा अर्थदण्ड,निगम द्वारा लगातार संचालित हो रहा स्वच्छता महाअभियान

कोरबा 28 फरवरी 2026। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा निगम क्षेत्र में लगातार स्वच्छता के महाअभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के चौथे दिवस आज वार्ड क्र. 02 पटेलपारा एवं वार्ड क्र. 03 साकेत नगर में मेगा स्वच्छता ड्राईव चलाई गई। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय इन वार्डो में पहुंचे तथा गली-गली का भ्रमण कर वृहद पैमाने पर किये जा रहे साफ-सफाई कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होने बस्ती की गलियों, नालियों आदि की सम्पूर्ण सफाई किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये तथा स्वच्छता कार्य के दौरान उत्सर्जित अपशिष्ट का स्थल से तुरंत उठाव व परिवहन करने को कहा।
महापौर संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 25 फरवरी से स्वच्छता का महा अभियान संचालित किया जा रहा है। महाअभियान के चौथे दिन आज निर्धारित कार्यक्रमानुसार वार्ड व बस्तियों में मेगा स्वच्छता ड्राईव चलाई गई। चौथे दिन वार्ड क्र. 02 पटेलपारा एवं वार्ड क्र. 03 साकेत नगर के अंतर्गत आने वाली विभिन्न बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य व संपर्क सड़कों, नालियों में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित कर नाले एवं नालियों के ऊपर से स्लेब हटाकर उनकी सतह से सफाई, सड़क के किनारे जमी हुई धूल, मिट्टी, बर्म, झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव व परिवहन, कीटनाशक दवाओं, ब्लीचिंग पाउण्डर का छिड़काव आदि के कार्य व्यापक पैमाने पर किये गये । आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने उक्त दोनों वार्डो की विभिन्न बस्तियों व मोहल्लों में पैदल भ्रमण करते साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया, उन्होने वार्ड, बस्तियों में स्थित नालियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों आदि की सम्पूर्ण सफाई करने, सी. एण्ड डी. वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन न रखने, गंदगी करने व कचरा फैलाने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
घर-घर पहुंचे आयुक्त, स्वच्छता पर की लोगों से चर्चा
आयुक्त श्री पाण्डेय ने भ्रमण के दौरान वार्ड क्र. 02 पटेलपारा एवं वार्ड क्र. 03 साकेत नगर के गली, मोहल्लों, बस्तियों में पैदल भ्रमण कर वहाँ के रहवासियों से डोर-टू-डोर संपर्क किया, उनसे निगम द्वारा नियमित रूप से कराये जा रहे डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण व निगम के साफ-सफाई कार्यो की सघन रूप से जानकारी ली। सड़क, नाली, स्ट्रीट लाईट, पेयजल आदि से जुड़ी व्यवस्थाओं पर उनसे चर्चा की, उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा तत्काल निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस दौरान उन्होने लोगों से पूछा कि उनकी गली व घर में कचरा लेने के लिये रिक्शा प्रतिदिन आता है या नहीं, उनके घरों में डस्टबिन है या नहीं तथा वार्ड, बस्तियों में नियमित सफाई के कार्य होते हैं या नहीं ।
नाली में अपशिष्ट डाला, लगा जुर्माना
डी डी एम रोड में एक होटल संचालक द्वारा किचन से निकले अपशिष्ट पदार्थों को नाली में डाल दिया जा रहा था, जिसके कारण गंदगी नाली जाम हो रही थी, इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त श्री पांडेय ने 5000 रुपये का अर्थदण्ड लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए, निगम अमले ने संबधित पर अर्थदण्ड लगाया, दुबारा ऐसा न करने व नाली में गंदगी न डालने की कड़ी हिदायत दी।
शहर की स्वच्छता में दें सहयोग
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने उक्त वार्ड के रहवासियों के साथ ही समस्त आमजनों से अपील करते हुये कहा कि वे शहर की स्वच्छता में व निगम के स्वच्छता महाअभियान में अपनी सहभागिता व सहयोग दें । उन्होने कहा कि सड़क, नाली व सार्वजनिक स्थान पर कचरा न डालें, गीले व सूखे कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में संग्रहित करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री, कैरीबैग, डिस्पोजल का उपयोग न करें। आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम क्षेत्र के नागरिकों का आव्हान करते हुये कहा कि हम सब संकल्प लें कि हम न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे, कोरबा शहर को सुंदर शहर बनाने, इसे साफ-सुथरा रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
02 मार्च को इन वार्डो में अभियान
स्वच्छता महाअभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 02 मार्च को वार्ड क. 24 बुधवारी क. 02 व वार्ड क्र. 26 रविशंकर शुक्ल नगर के विभिन्न बस्तियों, कालोनियों, मुख्य व संपर्क सड़कों आदि में विशेष मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित की जाएगी तथा वृहद साफ-सफाई के कार्य किये जाएंगे ।



