आजीविका ऋण मेले में 908 प्रकरणों में 19.43 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित, 537 प्रकरणों में 13.41 करोड़ रुपये स्वीकृत एवं 281 प्रकरणों में 7.90 करोड़ रुपये का वितरण

अतिथियों ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की ली जानकारी

जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देश, प्रदेश सहित जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में “सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार” के तहत मंगलवार को विकासखंड नवागढ़ के हाई स्कूल परिसर ग्राम पंचायत सेमरा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कांता मनमोहन कश्यप, नगर पंचायत नवागढ़ उपाध्यक्ष निरंजन कोसले, इंजी. रवि पांडेय, विवेका गोपाल, हितेश यादव, खम्हन तिवारी,नरेन्द्र कौशिक,प्रेम धीवर, सरपंच ग्राम पंचायत सेमरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को संबंधित विभागों की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजनों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना तथा पात्रतानुसार विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।
शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले के माध्यम से ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। आजीविका ऋण मेले में 908 प्रकरणों में 19.43 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। वहीं 537 प्रकरणों में 13.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई तथा 281 प्रकरणों में 7.90 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया। इससे ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को चाबी, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना कार्ड, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, नैनो यूरिया, रोजगार कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही हितग्राहियों को योजनाओं एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।



