विजयादशमी पर पुलिस विभाग ने निभाई परंपरा, जिले के सभी थानों एवं चौकियों में भी विधि-विधान से हुई शस्त्र पूजा
जांजगीर-चांपा। विजयादशमी के पावन अवसर पर 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन जांजगीर में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जिले में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने के साथ- साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने की कामना की। एसपी ने इस पावन पर्व पर समस्त जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रतीक है शस्त्र पूजा




दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजा पुलिस विभाग की एक महत्वपूर्ण परंपरा है। यह परंपरा साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक मानी जाती है। शस्त्र पूजा के माध्यम से पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी समाज की सुरक्षा, अपराधों पर नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं।
पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान जिले की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सेवा में सदैव तत्पर रहने का संकल्प भी इस परंपरा के महत्व को रेखांकित करता है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे उपस्थित
शस्त्र पूजा कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क, डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, जिला सेनानी योगिता साहू तथा रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी हुई पूजा-अर्चना
विजयादशमी के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों की पूजा- अर्चना की गई। इस आयोजन के माध्यम से पुलिस विभाग ने अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए जनसुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने विजयादशमी के पावन पर्व पर जिलेवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।





