featuredछत्तीसगढ़

“कला की कार्यशाला” में निखरी प्रतिभाओं की चमक, बच्चों और महिलाओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

रायपुर, मेघा तिवारी। कला, संगीत और रचनात्मकता से सराबोर माहौल के बीच लावण्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित “कला की कार्यशाला” कार्यक्रम मंगलवार को वृंदावन हॉल, सिविल लाइन रायपुर में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए संगीत, वाद्य यंत्र और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कला और संस्कृति के विविध रंग मंच पर बिखेरे। संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर संस्था द्वारा संचालित रॉयल इवेंट्स एंड म्यूजिक अकादमी में वर्षभर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों एवं महिलाओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और सक्रिय सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही समर क्लास के समापन की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा प्रदेश के पहले टीवी डांस रियलिटी शो “छत्तीसगढ़ी ठुमका” में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेर रहे एलएफडी डांस क्रू के बच्चों का प्रस्तुतीकरण। बच्चों ने महिला सशक्तिकरण और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर आधारित शानदार नृत्य प्रस्तुत कर पूरे सभागार को तालियों से गूंजने पर मजबूर कर दिया। विशेष बात यह रही कि इन बच्चों में अधिकांश ऐसे हैं जिन्हें लावण्या फाउंडेशन ने गोद लेकर वर्षों से शिक्षा और सांस्कृतिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया है।

इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि कला समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। बच्चों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए निरंतर मंच उपलब्ध कराना समाज के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुरंदर मिश्रा, डॉ. वर्णिका शर्मा तथा मदन चौहान उपस्थित रहे। अतिथियों ने लावण्या फाउंडेशन द्वारा कला एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।

कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, कला प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। संस्था की ओर से के.आर. उके, आर.के. तिवारी, सी.पी. खत्री, सुरेश नागवानी, सरिता शर्मा, रेखा अग्रवाल, प्रिया यादव, जेनेट जॉन, दिगेश साहू, नितिन राजपूत, अनुराग साहू, दिलीप श्रीवास्तव, रत्ना राव, विजय सोनी एवं संजय वर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन ऋतु श्रीवास्तव ने किया। कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन ने न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में संस्था के प्रयासों को भी नई पहचान दिलाई।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button