featuredछत्तीसगढ़

घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़, 24 जून 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने युवती से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवती ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 जून 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी रंजीत कुर्रे (27 वर्ष) जबरन उसके घर में घुस आया और उसकी इच्छा के विरुद्ध अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा।

पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा बाल पकड़कर खींचते हुए हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 201/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले की त्वरित विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिदार, महिला प्रधान आरक्षक उषारानी तिर्की एवं आरक्षक यशवंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस के अनुसार “अभियान संवेदना” के तहत महिला संबंधी अपराधों में तत्काल कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button