
रायगढ़,13 मई 2026।पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए सूने मकान में ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का 72 घंटे के भीतर खुलासा किया है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में चोरी के जेवरात, नगदी रकम, दो दोपहिया वाहन और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।

प्रार्थी संतोष कुमार देवांगन, निवासी विनोबा नगर, चक्रधरनगर ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई को परिवार सहित बाहर जाने के दौरान उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने अलमारी व खिड़की तोड़ते हुए सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई थी।मामले में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से खुलासा
जांच के दौरान मुखबिर तंत्र, तकनीकी इनपुट और सतत निगरानी के आधार पर पुलिस ने रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की।
आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने सोना- चांदी जैसी पिघली हुई धातु, नगदी, टूटा ताला, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, एक्टिवा वाहन (CG 13 BL 4874) और धातु गलाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की।
साक्ष्य मिटाने की साजिश भी बेनकाब
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहचान मिटाने के उद्देश्य से चोरी किए गए कुछ आभूषणों को गलाया और कुछ सामान केलो नदी में फेंक दिया। साक्ष्य विलोपित करने और संगठित अपराध के पर्याप्त प्रमाण मिलने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपी
1. रोशन सिंह – निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर
2. शिवा सोनी – निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर
3. धरमदास महंत उर्फ प्रेम – निवासी पंजरीप्लांट, थाना चक्रधरनगर
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे सहित थाना चक्रधरनगर के स्टाफ की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
रायगढ़ पुलिस तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के जरिए लगातार बड़े खुलासे कर रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके माल-मत्ता की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।



