
रायपुर,कोरबा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोला लव होगे” आगामी 8 मई को प्रदेशभर के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में एक साथ रिलीज़ होने जा रही है।
फिल्म के निर्माता-निर्देशक अनुमोद राजवैद्य सहित टीम द्वारा प्रेस क्लब,तिलक भवन टी पी नगर में प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि यह फिल्म छत्तीसगढ़ की अब तक की सबसे अलग रोमांटिक और पारिवारिक फिल्मों में से एक होगी, जिसमें मनोरंजन के हर रंग रोमांस, एक्शन, कॉमेडी, थ्रिल और सस्पेंस का भरपूर समावेश है।
नए और अनुभवी कलाकारों का शानदार संगम
फिल्म की खासियत इसका दमदार स्टारकास्ट है, जिसमें नए और अनुभवी कलाकारों का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा।
आयुष राजवैद्य मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जो अपने थिएटर अभिनय से पहले ही पहचान बना चुके हैं। फिल्म की नायिका तिरांजली गोस्वामी हैं, जिनकी यह पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म है।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ी सिनेमा के चर्चित कलाकार – करन खान, रजनीश झांझी, संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह, जागेश्वरी मेश्राम और विक्रम राज – भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
विशेष बात यह है कि पिछले 26 वर्षों में पहली बार करन खान और रजनीश झांझी एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
संगीत और लोकेशन बना रहे हैं फिल्म को खास
फिल्म का संगीत अनुग्रह मिडियन, प्रदीप साठिया और ओमकार चौहान ने तैयार किया है। वहीं, गीतों को अपनी आवाज़ दी है शेख अमिन, अनुराग शर्मा, सुनील सोनी, कंचन जोशी, दीक्षा धनगर और दीपिका धनगर ने।
फिल्म के गाने
डॉट टयमाय गमरी
मोला मुंबई घुमा दे राजा
नैना रे नैना
पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ की खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माए गए ये गीत फिल्म की खास पहचान बन रहे हैं।
पूरी तरह छत्तीसगढ़ में शूट, परिवार के लिए खास फिल्म
फिल्म की शूटिंग पूरी तरह छत्तीसगढ़ में की गई है, जो स्थानीय संस्कृति और खूबसूरती को बखूबी दर्शाती है। कहानी एक ऐसे युवा वर्ग के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आधुनिक होने के साथ-साथ अपनी पारिवारिक जड़ों से गहराई से जुड़ा हुआ है।
निर्देशक की पिछली फिल्म “बिदाई” के बाद यह उनकी दूसरी प्रस्तुति है, जबकि अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले यह पहली फिल्म है।
कब और कहाँ देखें?
फिल्म 8 मई को छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख शहरों के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में रिलीज़ होगी। यह एक पारिवारिक फिल्म है, जिसे दर्शक अपने परिवार और बच्चों के साथ आराम से देख सकते हैं।
कुल मिलाकर, “मोला लव होगे” छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए एक बड़ी और नई पेशकश साबित हो सकती है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।



