featuredछत्तीसगढ़

बिलासपुर रेंज आईजी कार्यालय में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित आईजी राम गोपाल गर्ग ने वीसी के जरिए दिया प्रेरणादायी संदेश, डीएसपी विवेक शर्मा ने किया ध्वजारोहण

बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। पूरे परिसर में तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति का उत्साह नजर आया।

इस अवसर पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए राज्य स्तरीय समारोह रायपुर में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। आईजी के रायपुर प्रवास पर होने के कारण कार्यालय परिसर में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

वीसी के जरिए आईजी ने दिया ओजस्वी संदेश

ध्वजारोहण समारोह के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिलासपुर रेंज कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि “जनसेवा और राष्ट्र की सुरक्षा ही हमारा सर्वोच्च कर्तव्य है। आपसी तालमेल, अटूट निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए हमें भारत के आन-बान-शान और गौरव को सदैव ऊंचाइयों पर बनाए रखना है।

सशस्त्र सलामी से गूंजा परिसर

समारोह में आर्म्स गार्ड द्वारा अनुशासित एवं गरिमामयी सशस्त्र सलामी दी गई। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह में बिलासपुर रेंज कार्यालय के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button