सेवा ज्योति यात्रा-वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में निकली विशाल बाइक रैली

माड़िया चौक का नाम बदलकर रखा गया विकसित भारत चौक

जगदलपुर, 07 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत बुधवार को जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को वर्चुअल तौर पर श्रवण किया। उक्त कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उमड़े विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ बस्तर के बदलते स्वरूप को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने 7 अक्टूबर के ऐतिहासिक संदर्भ का उल्लेख करते हुए स्मरण कराया कि इसी दिन वर्ष 2001 में श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और आज उनके जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इन ढाई दशकों में बिना रुके, बिना थके और पूरी निष्ठा के साथ की गई सेवा आज हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

बस्तर के संवेदनशील परिदृश्य पर चर्चा करते हुए वन मंत्री ने कहा कि इस अंचल ने करीब चार दशकों से अधिक समय तक नक्सलवाद की जिस गहरी पीड़ा और भय को झेला है, उससे मुक्ति दिलाने का ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प से ही संभव हो सका है, जिसके परिणामस्वरूप अब यहाँ की आने वाली पीढ़ी एक सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण में अपने सपनों को साकार करेगी। जनहितैषी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 45 से 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की गारंटी देकर विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है, वहीं उज्ज्वला, पीएम आवास और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने अंतिम छोर पर बसे ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में आमूलचूल परिवर्तन ला दिया है।

क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को मंच देने के क्रम में मंत्री श्री कश्यप ने आगामी बस्तर ओलंपिक की तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पिछले वर्ष जहाँ 3 लाख 91 हजार से अधिक युवाओं ने इसमें भागीदारी की थी, वहीं इस वर्ष 10 लाख से अधिक पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए उन्होंने पंच, सरपंच, पार्षद सहित सभी जनप्रतिनिधियों से स्वयं एक खिलाड़ी के रूप में आगे आकर युवाओं का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। संबोधन के अंत में उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को दोहराते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा, तब छत्तीसगढ़ और बस्तर विकसित भारत की अग्रिम पंक्ति में खड़े होंगे।

सेवा ज्योति यात्रा के अंतर्गत बुधवार को शहर की सड़कों पर जनउत्साह और राष्ट्रभक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब वन मंत्री केदार कश्यप की अगुवाई में क्रीड़ा परिसर से एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। इस आयोजन में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल और जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों ने पूरे जोश के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शहर के स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल से आए लोगों की मौजूदगी ने रैली को व्यापक स्वरूप दे दिया।
सैकड़ों दोपहिया वाहनों का काफिला बाइक रैली के रूप में क्रीड़ा परिसर से शुरू होकर यूनिवर्सिटी चैक पहुंची। यहां से अनुपमा चैक, अग्रसेन चैक और मिताली चैक होते हुए शहर के प्रमुख मुख्य मार्ग से गुजरा। रास्ते भर नागरिकों ने रैली का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद जब रैली शहीद पार्क पहुंची, तो वहां बाइक सवार सभी लोग एकत्र होकर पदयात्रा में तब्दील हो गए। शहीदों को नमन करते हुए वन मंत्री, अन्य जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का यह समूह पैदल मार्च करते हुए आगे बढ़ा और माड़िया चौक पहुंचा।
माड़िया चौक पहुंचने पर इस आयोजन को एक ऐतिहासिक स्वरूप देते हुए इस प्रमुख चैराहे का औपचारिक नामकरण विकसित भारत चैक के रूप में किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने देश की प्रगति और विकास के संकल्प को दोहराते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में हरसंभव योगदान देने का संकल्प लिया। सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश के साथ संपन्न हुई इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।



