कोरबा। राष्ट्र सेविका समिति जिला- कोरबा का विजयादशमी उत्सव विगत दिनों गायत्री स्कूल, सीतामढ़ी कोरबा में संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत प्रचारिका सुश्री प्राची सुभाष पाटिल का बौद्धिक हुआ। जबकि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती पूर्णिमा भट्टाचार्य रहीं। इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की सेविकाओं के द्वारा प्रात्याक्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सेविकाओं ने नियुद्ध, यष्ठी प्रहार, दण्ड के अभ्यास एवं योग व्यायाम की सुंदर प्रस्तुति दी साथ ही शस्त्र पूजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारिका सुश्री प्राची पाटिल ने सेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नारी शक्ति को सक्षम एवं सामर्थ्य शील होना अनिवार्य है। इसके लिए राष्ट्र सेविका समिति प्रयासरत है।हम सभी को आज विजयादशमी के अवसर पर यह प्रण लेना है, कि हम सभी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। भारत के अखण्ड भारत के सपने को साकार करने एवं विश्व गुरु बनाने के लिए मातृशक्ति को भी जागृत होना पड़ेगा।
ज्ञातव्य हो, कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में मातृ शक्ति का संगठन ,राष्ट्र सेविका समिति के रूप में समाज के बीच कार्य करता है। इसकी स्थापना 1936 में वर्धा में वंदनीय लक्ष्मी बाई केलकर ने की थी । यह एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन है। जिसका उद्देश्य मातृ-शक्तियों में व्यक्तित्व निर्माण करना है।



