featuredछत्तीसगढ़

बिलासपुर रेंज कार्यालय में दो पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, आईजी राम गोपाल गर्ग ने किया सम्मानित

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में मंगलवार को उप निरीक्षक रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों के लंबे, अनुशासित और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारी अपने समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के कारण विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं।

उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में जिला बिलासपुर में आरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने 42 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जांजगीर, कवर्धा और कोरबा सहित विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2023 से वे आईजी कार्यालय में रीडर के पद पर कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि उन्हें सेवाकाल के दौरान 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए और पूरे करियर में उन्हें कभी कोई विभागीय सजा नहीं मिली।

वहीं प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस विभाग में प्रवेश किया था। उन्होंने मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलों में अपनी सेवाएं दीं तथा वर्ष 2021 से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ थे। उनके अनुशासित एवं समर्पित कार्यशैली की भी समारोह में सराहना की गई।

अपने संबोधन में आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं बल्कि जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विभाग को जब भी आवश्यकता होगी, उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लिया जाएगा।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने भी दोनों कर्मचारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और शुभकामनाएं दीं।

सेवानिवृत्त अधिकारियों रामकुमार पटेल एवं वीरेन्द्र कुमार शास्त्री ने सम्मान के लिए आईजी और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग से मिले सहयोग और स्नेह को वे जीवनभर याद रखेंगे।

समारोह के अंत में भावुक माहौल के बीच कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया। विदाई समारोह के पश्चात आईजी राम गोपाल गर्ग ने विशेष वाहन से दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके घर के लिए रवाना करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button