बरपाली चौक के पास पुलिस ने की घेराबंदी, चोरी और नकबजनी की तैयारी की आशंका; चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा, 13 अक्टूबर 26। नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क जांजगीर-चांपा पुलिस ने चांपा के बरपाली चौक के पास कार्रवाई करते हुए ब्रेजा कार सवार चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बड़े धारदार चाकू, लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार बरामद कर जब्त किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी अथवा नकबजनी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवरात्रि पर्व के मद्देनजर जिले में लगातार पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध ब्रेजा कार में सवार होकर हथियारों के साथ घूम रहे हैं और आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे के नेतृत्व में चांपा पुलिस की टीम ने बरपाली चौक के पास घेराबंदी कर कार क्रमांक CG 04 NH 7770 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर दो बड़े धारदार चाकू, लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार बरामद हुए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर चारों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है
1. लिहास अली (24 वर्ष), पिता सत्तार अली, निवासी फरहदा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
2. मुकेश यादव (30 वर्ष), पिता विश्राम यादव, निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
3. शबान (26 वर्ष), पिता अब्दुल रहमान, निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
4. साबीर खान (24 वर्ष), पिता मनसूद खान, निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है।
आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 553/26, धारा 112(2) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश शेण्डे, प्रधान आरक्षक वैभव साहू, सहायक उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे, बी.पी. खाण्डेकर, प्रधान आरक्षक अमृत सलुजा, सुनील सिंह, संतोष यादव तथा आरक्षक गौरीशंकर राय, नीतीश विश्वकर्मा, श्याम राठौर, संजय केंवट और सुशांत राठौर का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नवरात्रि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और नियमित गश्त जारी रखने की बात कही है।





