
वेदांता पावर प्लांट, सिंघीतराई में बायलर विस्फोट—20 श्रमिकों की मृत्यु, 15 घायल

सक्ति, 16 अप्रैल 2026।जिला सक्ती के थाना डभरा अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:33 बजे बायलर-01 में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें भारी जनहानि हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल प्रारंभिक जांच शुरू की गई।
दुर्घटना में घायल श्रमिकों को तत्काल रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों—मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अपेक्स अस्पताल, मेट्रो अस्पताल सहित अन्य उपचार केंद्रों—में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 20 श्रमिकों की मृत्यु हो गई, जबकि 15 घायल श्रमिकों का इलाज जारी है। प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रारंभिक तकनीकी जांच में बायलर मुख्य निरीक्षक ने बताया कि बायलर फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा होने से दबाव बढ़ गया, जिसके कारण विस्फोट हुआ। दबाव के चलते बायलर का निचला पाइप अपनी स्थिति से हट गया, जिससे यह हादसा हुआ। एफएसएल सक्ती की रिपोर्ट में भी इस कारण की पुष्टि की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि वेदांता कंपनी और एनजीएसएल द्वारा मशीनरी के रख-रखाव और संचालन में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। उपकरणों की देखरेख में लापरवाही और संचालन में उपेक्षा के कारण बायलर के दबाव में अचानक उतार-चढ़ाव आया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देश पर वेदांता कंपनी के निदेशक अनिल अग्रवाल, प्रबंधक देवेंद्र पटेल सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ थाना डभरा में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 106(1), 289, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की है, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुमित गुप्ता, फोरेंसिक अधिकारी सृष्टि सिंह और थाना प्रभारी राजेश पटेल शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



