
कोरबा। 19 अप्रैल को फिल्म स्टार मंदाकिनी कोरबा पहुंची। वे नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने कोरबा पहुंची थीं। उन्होंने समारोह में बच्चों के साथ फिल्म… राम तेरी गंगा मैली का सुपरहीट गाना सुन साहिबा सुन… प्यार की धुन… में जमकर थिरकती नजर आईं।

समारोह में जब विद्यालय की बालिका टीम ने स्टेज शो किया और सुन साहिबा सुन … प्यार की धुन… में डांस किया, तो दर्शक दीर्घा की प्रथम पंक्ति में बैठी फिल्म स्टार मंदाकिनी के चेहरे पर अनायास मुस्कान बिखर गई और वह स्टेज में पहुंचकर बच्चों के साथ जमकर थिरकीं।
हजारों की संख्या में बैठे लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। इसके साथ राम तेरी गंगा मैली के अन्य गानों पर भी मंदाकिनी ने परफार्मेंस दिया। कोरबा पहुंचने पर आयोजकों ने उनका भव्य स्वागत किया और उरगा के रास्ते खरहरकुड़ा स्थित विद्यालय पहुंचीं और शाम 5.00 बजे से 9.00 बजे तक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में लायंस गौरव सम्मान समारोह का भी आयोजन था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। लायंस पब्लिक स्कूल परिसर में अतिथियों द्वारा एनकेएम लायंस अनाथआलय एवं बाल विकास केंद्र का भी लोकार्पण किया।
दूसरे दिन प्रात: 6.00 बजे वे मुंबई के लिए रवाना हो गईं। मंदाकिनी के पहुंचने पर उनके साथ फोटो सेशन कराने और सेल्फी लेने लोगों में काफी आतुरता दिख रही थी। 60 वर्ष होने के बाद भी उनके चेहरे में वही चमक और उनके चाहने वाले फैंस में कोई कमी नहीं आई। 1980-1990 के दशक में मंदाकिनी स्टारडम रहीं।



